Ashutosh Ratnaparkhi's Album: Wall Photos

Photo 1 of 2 in Wall Photos

वैसे इन्हें किसी पहचान की आवश्यकता नही। अर्नोल्ड श्वार्ज़नेगर, विश्व के सबसे बड़े स्टार्स में से एक सुपरस्टार! हालांकि इनका हॉलीवुड सफर उतना सहज नही था। अर्नाल्ड एक बॉडी बिल्डर थे, अभिनय का उनसे वैसे कोई सम्बन्ध नही था। वैसे भी उन्हें कोई महान अभिनेता नही कहेगा। किन्तु जिस प्रकार से यह हॉलीवुड के एक सबसे बड़े सुपरस्टार बने वह केवल अद्भुत है।

अर्नाल्ड ७ बार मिस्टर ओलिम्पिया रह चुके है, जो एक विश्व रिकॉर्ड है। अर्नाल्ड एक बार मिस्टर यूनिवर्स भी बने केवल बिस वर्ष की आयु में! वैसे इनका जन्म यूरोपियन देश ऑस्ट्रिया में हुआ। इन्होंने ऑस्ट्रियन सेना में भी काम किया। बॉडीबिल्डिंग के बाद वे हॉलीवुड में फिल्मो में कॅरिअर करने के लिए आए। उनकी पहली फ़िल्म थी "हरक्यूलिस इन न्यूयॉर्क" (१९७०)। उसके बाद एक्शन फिल्मो में अर्नाल्ड दिखते रहे। १९७७ में आई "Pumping Iron" के बाद वह लोगों के ध्यान में आए।

१९८२ में आई "Conan The Barbarian" ने उन्हें सुपरस्टार बनाया। हालांकि इस फ़िल्म की सीक्वेल "कोनन द डिस्ट्रॉयर" (१९८४) उतनी सफल नही हुई। उसके कुछ वर्षों बाद जेम्स कैमरोन कि "द टर्मिनेटर" की रोबोट/सायबोर्ग की भूमिका ने उन्हें विश्वप्रसिद्ध कर दिया। सम्भवतः यह उनकी सबसे प्रसिद्ध भूमिका होगी। उसके बाद इस फ़िल्म के दो भाग आए जिसमे अर्नाल्ड ने वही भूमिका निभाई। एक भविष्य से आया हुआ असीम ताकद वाला सायबोर्ग, जबरदस्त एक्शन, बेहतरीन अभिनय, जबरदस्त निर्देशन के चलते यह फिल्मे सुपरहिट हुई।

अगले दशक में वे एक्शन फिल्में करते रहे। इनमे १९८५ की "कमांडो" और १९८७ की "प्रिडेटर" सुपरहिट तथा अविस्मरणीय है। विशेषतः कमांडो फ़िल्म का उनका वह बॉडी दिखाते हुए मशीन गन चलाने वाला दृश्य अविस्मरणीय कहलाया जाता है। इसके बाद अर्नाल्ड ने अपना मोर्चा प्रहसन की ओर बढ़ाया। इसके बाद उन्होंने "ट्विन्स", "किंडरगार्टन कॉप", "जिंगल ऑल द वे" जैसे कॉमेडी फिल्मों में काम किया। हालांकि इस बीच उनकी कुछ फिल्मे बॉक्स ऑफिस पर पिट भी गयी। "द रनिंग मैन" फ़िल्म के लिए उनको सबसे खराब अभिनय के लिए दिए जाने वाले "रैज़ी अवार्ड" के लिए नामांकन मिला।

किन्तु हार मान ले वह आर्नल्ड कैसे! १९९४ की "ज्यूनियर" फ़िल्म के लिए उन्हें गोल्डन ग्लोब का नामांकन मिला! उसी वर्ष आयी "ट्रू लाइज" ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की। इसी दौरान अर्नाल्ड "कोलेटरल डैमेज", "द सिक्स्थ डे", "एन्ड ऑफ डेज" जैसी फिल्में करते रहे, और बॉक्स ऑफिस पर अव्वल स्थान काबिज करते रहे! इसी बीच उनकी बॉक्स ऑफिस पर स्पर्धा उनके समकालीन एक्शन सुपरस्टार सिल्व्हेस्टर स्टेलोन से थी। एक ने टर्मिनेटर बनाई तो दूसरे ने रैम्बो। एक ने कमांडो बनाई तो दूसरे ने रॉकी! यह सिलसिला दो दशक तक चला।

हालांकि २०१० में आयी सुपरहिट "एक्सपेंडेबल्स" में अर्नाल्ड एयर स्टैलोन पहली एकसाथ एक फ़िल्म में दिखे। हालांकि फ़िल्म में अन्य एक्शन सुपरस्टार्स, जैसे कि, डोल्फ लँगरेन, जेसन स्टैडम, जेट ली, जों क्लॉड वैन डैम भी थे। उस के उपरांत एक्सपेंडेबल्स के दो भाग आए जो सुपरहिट हुए। एस्केप प्लान में भी दोनों एकसाथ दिखे। अब अर्नाल्ड और सिल्व्हेस्टर स्टैलोन एक दूसरे के अच्छे दोस्त बन गए है।

अर्नाल्ड ने राजनीति में भी सफलता प्राप्त की। अर्नाल्ड श्वार्ज़नेगर कैलिफोर्निया के गव्हर्नर चुने गए। वह दो बार २००३-२००७ और २००७-२०११ तक गव्हर्नर रहे। अर्नाल्ड की फिल्मों ने विश्वभर में बॉक्स ऑफिस पर करोड़ो डॉलर की कमाई की है। ऑस्ट्रिया से आए एक बॉडीबिल्डर, जो ठीक प्रकार से अंग्रेजी भी नही बोल पाता था, जिसे अभिनय का गन्ध भी न हो... ऐसा व्यक्ति अमेरिका में आता है, और हॉलीवुड का सबसे बड़ा एक्शन सुपरस्टार होता है यह अपने आप मे एक परिकथा है। बहुत से भारतीयोंको हॉलीवुड का परिचय होने में अर्नाल्ड की फिल्मों का हाथ है। इतने बड़े आइकॉन है यह। दो दिन पहले ही अर्नाल्ड का जन्मदिवस था, उस दिन तो व्यक्त नही हो पाया। इस एक्शन सुपरस्टार को एक फैन की ओर से जन्मदिवस की लक्ष लक्ष शुभेच्छाएँ। Happy Birthday Arnold Schwarzenegger!

© Ashutosh Ratnaparkhi.

श्रीकृष्णार्पणमस्तू