shyam Goel's Album: Wall Photos

Photo 2 of 2 in Wall Photos

#सावन_तृतीय_सोमवार

शिव क्या है? शिव ओमकार है
शिव क्या है? शिव समाहार है

वो भीतर है वो बाहर है
वही बूंद है वो सागर है
वही क्षितिज है वही अक्ष है
वो अदृश्य है वो समक्ष है
शिव क्या है? शिव शुभ विचार है

वही आदि है वहीं अंत है
वही शून्य है वो अनंत है
वही तंत्र है वही यंत्र है
वो समाधि है वही मंत्र है
शिव क्या है? शिव सहस्रार है

वही सूक्ष्म है वो विशाल है
कर्ता धर्ता महाकाल है
वो ही दृष्टा वही दृष्टि है
वो ही सृष्टा वही सृष्टि है
शिव क्या है?शिव चित्रकार है

वही यत्र है वही तत्र है
वो मदार है बिल्वपत्र है
वो ही डमरू की डमडम है
वो ही आगम वही निगम है
शिव क्या है? शिव वेदसार है

वही सृजन है वही प्रलय है
वो अखंड है वो अव्यय है
वही योग है वही सत्व है
वही विलग है वो समत्व है
शिव क्या है? शिव निर्विकार है

वो सुंदर है वही सत्य है
वही कथ्य है वही तथ्य है
वही अमिय है वही गरल है
वही गूढ़ है वही सरल है
शिव क्या है? शिव संस्कार है

वही भूत है वह भविष्य है
वही यजन है वो हविष्य है
वही प्रेम है वही नेह है
निराकार है वो सदेह है
शिव क्या है? करुणावतार है

वह त्रिशूल डमरू वाला है
वो भोला है वो भाला है
वही आग है वो पानी है
वो बाबा अवढरदानी है
शिव क्या है? शिव कर्णधार है
________________________
✍️ राघव शुक्ल || हिन्दीजगत्